तालाब में तैरते मिले दो बालिकाओं के शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस…
रायपुर 28 मई 2022 : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दो बालिकाओं की मौत तालाब में डूबने से हो गई है। सरगुजा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उदयपुर थाना क्षेत्र के दिवालिया गांव में दो बहने-दिव्या तिर्की (8वर्ष) और सुशीला तिर्की (7वर्ष) के शव एक तालाब में तैरते मिले हैं।
पुलिस को जानकारी मिली है कि, दिवालिया गांव निवासी बंधन सिंह की बेटियां दिव्या और सुशीला अपने परिजनों के साथ बृहस्पतिवार को एक विवाह समारोह में गई थीं, परिजन शाम को विवाह समारोह से वापस आ गए, लेकिन दोनों बच्चियां नहीं लौटीं। इसके बाद उन्होंने बच्चियों को खोजना शुरू किया, लेकिन वे नहीं मिलीं।
जब ग्रामीणों ने दोनों बहनों के शव तालाब में तैरते देखे तो उन्होंने इसकी जानकारी बंधन सिंह और पुलिस को दी। बाद में ग्रामीणों की मदद से बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाल लिए गए।
जानकारी मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर रवाना किया गया और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस को आशंका है कि विवाह समारोह से वापस लौटते समय दोनों बहनें पीछे रह गई होंगी और रास्ते में पड़े तालाब में नहाने खेलने चली गई होंगी, जिस दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।