रायपुर , 19 मई 2023 : छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर भाजपा और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। इसी कड़ी में बीते दिनों भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने शराब घोटाले को लेकर कांग्रेस के खिलाफ 2 हजार करोड़ घोटाला स्टोरी के नाम पर पोस्टर जारी किया था, जिसमें शराब बंदी है फेल अवैध शराब घोटाले का खेल शब्द लिखा हुआ पोस्टर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश के हर शराब दुकानों में चस्पा करने का दावा किया गया था।
साथ ही भाजपा महिला मोर्चा के द्वारा शराब घोटाले को लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन करने की बात कही गई थी। भाजपा द्वारा जारी किए गए इस पोस्टर को लेकर अब कांग्रेस पार्टी ने भी पलटवार किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि आबकारी नीति का नियम विरुद्ध सञ्चालन करने वाली खुद अरुण साव कि पार्टी है, इसके बावजूद उन्हें पता नहीं कि प्रदेश में कुल कितनी शराब दुकाने है। उन्होंने भाजपा पर 44 हजार करोड़ रूपए के घोटाला करने का आरोप लगाया है। साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी है।