उपराष्ट्रपति चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हो सकते है…
नई दिल्ली 01 जुलाई 2022 : मुख्तार अब्बास नकवी की राज्यसभा की सदस्यता गुरूवार यानी आज समाप्त हो रही थी, लेकिन एक दिन पहले ही उन्होंने पद से त्यागपत्र दे दिया। बुधवार की सुबह कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लिए योगदान में दोनों की सराहना की थी। उत्तरप्रदेश से भाजपा के कद्दावर नेता रहे मुख्तार अब्बास नकवी को इस बार राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने के बाद से तरह-तरह से कयास लगाए जा रहे थे। उन्हें उपराष्ट्रपति और राज्यपाल बनाए जाने तक की अटकलों का बाजार अभी तक गर्म है।
भाजपा में वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी मंत्री थे और मोदी सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल में उन्हें कैबिनेट में जगह दी गई थी। संगठन में नकवी राष्ट्रीय सोच वाले मुखर नेता के रूप में जाने जाते हैं। संगठन में उन्होंने विभिन्न पदों पर काम किया है। बता दें कि पिछले काफी समय से सत्तारूढ़ दल उपराष्ट्रपति पद के लिए अल्पसंख्यक समुदाय के एक प्रतिनिधि पर चर्चा कर रहा है, खासकर ऐसे समय में जब भाजपा को नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मुहम्मद की टिप्पणियों पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 19 जुलाई है। उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को चुनाव होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, पूर्व केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी इस दौड़ में शामिल हैं। वहीं, मुख्तार अब्बास नकवी के इस्तीफे के बाद इस बात को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है कि पार्टी उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए उपयुक्त ‘मुस्लिम चेहरे’ के तौर पर देख रही है।
