आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण और CSL-2025 की तैयारी को लेकर निगम आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

बीरगांव | समाचार

आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण एवं CSL-2025 (छत्तीसगढ़ स्वच्छ लीग) की तैयारियों को लेकर नगर पालिक निगम बीरगांव में आयुक्त महोदय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम क्षेत्र के समस्त सफाई सुपरवाइजर, SLRM इंचार्ज एवं स्वच्छता दीदियाँ उपस्थित रहीं।

बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने स्वच्छता सर्वेक्षण के सभी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सोर्स सेग्रीगेशन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण, SLRM (ठोस एवं तरल संसाधन प्रबंधन) संचालन तथा फील्ड स्तर पर कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समयबद्ध, जिम्मेदारीपूर्ण एवं समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में नोडल अधिकारी श्री डी. एल. देवांगन, स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल एवं पीआईयू श्री विकास कुमार जांगड़े भी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए तथा स्वच्छता दीदियों और सुपरवाइजरों का मार्गदर्शन किया गया।

आयुक्त महोदय ने कहा कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों के सामूहिक प्रयासों से नगर निगम बीरगांव को स्वच्छता सर्वेक्षण एवं CSL-2025 में बेहतर रैंकिंग दिलाई जाएगी।