नगर निगम बीरगांव द्वारा एएचपी कॉलोनी उरला में समाधान शिविर आयोजित
पहले शिविर में ₹1.67 लाख की वसूली, बिजली मीटर हेतु 16 आवेदन प्राप्त
अब प्रत्येक 15 दिन में लगाए जाएंगे समाधान शिविर
बीरगांव | 7 जनवरी 2026
नगरीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सुगमता से पहुँचाने तथा नगर निगम को देय लंबित हितग्राही अंशदान, कर एवं किश्तों के संकलन के उद्देश्य से नगर निगम बीरगांव द्वारा एएचपी कॉलोनी, उरला में समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
इस पहले ही शिविर में 96 हितग्राहियों ने अपने लंबित हितग्राही अंशदान की राशि जमा करते हुए कुल ₹1.67 लाख का भुगतान नगर निगम को किया। इसके साथ ही शिविर के दौरान बिजली मीटर कनेक्शन हेतु 16 आवेदन भी प्राप्त हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न नगर निगम सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
नगर निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने बताया कि निगम क्षेत्र के नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से अब एएचपी कॉलोनी में हर 15 दिन में नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिक अपने लंबित हितग्राही अंशदान, किश्त एवं करों का भुगतान आसानी से कर सकें।
शिविर में नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वच्छता, पेयजल, संपत्ति कर, जल-निकासी एवं सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त शहरी आजीविका मिशन, बैंक लिंकेज तथा रोजगारपरक योजनाओं से संबंधित जानकारी भी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई।
