बीरगांव के स्कूलों के विद्यार्थियों ने किया MRF केंद्र का अध्ययन भ्रमण, सीखा 4-वे कचरा पृथक्करण और कबाड़ से जुगाड़

बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत विद्यार्थियों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत आडवाणी अर्लिकॉन शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीरगांव तथा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, उरकुरा के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मणिकांचन केंद्र स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) प्रोसेसिंग यूनिट का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
अध्ययन भ्रमण के प्रमुख बिंदु:
कचरे का 4-वे पृथक्करण (Four-way Segregation): स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल ने विद्यार्थियों को SWM Rules 2026 के अनुसार कचरे को चार श्रेणियों में बांटने और उनके वैज्ञानिक प्रसंस्करण (Scientific Processing) की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि घर और स्कूल स्तर पर सही पृथक्करण से रीसाइक्लिंग में मदद मिलती है।
प्लास्टिक कचरे पर जागरूकता: जिला समन्वयक PIU श्री विकास जांगड़े ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के नुकसान और पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
कबाड़ से जुगाड़: अनुपयोगी वस्तुओं के पुनर्चक्रण और रचनात्मक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को ‘कबाड़ से जुगाड़’ की अवधारणा से परिचित कराया गया।
व्यवहारिक ज्ञान: विद्यार्थियों ने MRF यूनिट में कचरे के संग्रहण, छंटाई और रीसाइक्लिंग की पूरी प्रक्रिया को लाइव देखा और समझा कि “कचरा कोई बेकार चीज़ नहीं, बल्कि एक संसाधन है।”
नगर निगम बीरगांव द्वारा इस तरह के शैक्षणिक भ्रमणों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना है।

