बिलासपुर: छात्रा की जन्मदिन के दिन ही सड़क हादसे में मौत, कोचिंग जाते वक्त तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रिस्दा में 25 जून को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय छात्रा नवरत्ना नोरगे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब नवरत्ना अपनी सहेली के साथ कोचिंग के लिए पैदल जा रही थी। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में नवरत्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली को मामूली चोटें आई हैं।
यह हादसा और भी ज्यादा दुखद इसलिए रहा क्योंकि 25 जून को ही नवरत्ना का जन्मदिन था। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी और उसकी सहेलियां कोचिंग संस्थान में केक लेकर उसका इंतजार कर रही थीं। लेकिन खुशियों का वह दिन कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


नवरत्ना के पिता जीवनलाल नोरगे किसान हैं। बेटी की असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार शोक में डूब गया है। घर में चल रही जन्मदिन की तैयारियां पलभर में शोकसभा में बदल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला की ओर से तेज गति से आ रही थी। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
मस्तूरी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस वाहन और आरोपी चालक की पहचान में जुटी हुई है।
