बिलासपुर: होटल में देर रात छापेमारी, कोलकाता की दो युवतियां और युवक शराब-हुक्का पार्टी में पकड़े गए, होटल को नोटिस

बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर रोड स्थित पेट्रेशियन होटल में बुधवार की रात पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कोलकाता की दो युवतियां और चार युवक संदिग्ध स्थिति में पकड़े गए। युवक कमरे में शराब और हुक्का पीते मिले, जबकि युवतियों ने पूछताछ में खुद को क्लब डांसर बताया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में की गई। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर होटल में छापेमारी की गई। होटल मैनेजर से पूछताछ के साथ रजिस्टर की जांच की गई, जिसमें एंट्री विधिवत पाई गई।

हालांकि, कमरा नंबर 2008 में आपत्तिजनक स्थिति देखी गई। यह कमरा तुषार अग्रवाल के नाम पर बुक था, जहां दीपेश हरिरमानी, नवीन पाल, रोहन हाजरा, अविनाश ठाकुर और अजय मौर्य मौजूद थे। सभी युवक नशे की हालत में थे और साथ में कोलकाता की दो युवतियां भी पाई गईं, जिन्हें होटल प्रबंधन ने आमंत्रित नहीं किया था। युवकों ने उन्हें अपने साथ बुलाया था।

पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया है, लेकिन होटल प्रबंधन के खिलाफ कोटापा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है।