बक्सर में 400 शिक्षकों पर कार्रवाई, फर्जी उपस्थिति के आरोप में नोटिस जारी
बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। इसी क्रम में बक्सर जिले के नावानगर प्रखंड में करीब 400 शिक्षकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) श्याम बिहारी प्रसाद ने इन सभी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप है कि ये शिक्षक वार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य के दौरान ड्यूटी पर अनुपस्थित रहे, जबकि रिकॉर्ड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे।
जानकारी के अनुसार, 16 से 25 मार्च के बीच शिक्षकों की ड्यूटी मूल्यांकन केंद्रों पर लगाई गई थी। हालांकि, जांच में पाया गया कि कई शिक्षक केंद्र पर पहुंचे ही नहीं और फर्जी तरीके से अपनी हाजिरी दर्ज करते रहे। कुछ मामलों में शिक्षक उपस्थिति दर्ज कराकर बीच में ही गायब हो गए।
इस अनियमितता का खुलासा ई-शिक्षा पोर्टल पर उपस्थिति की समीक्षा के दौरान हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए।
नोटिस में सभी शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित जवाब देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन, बर्खास्तगी और वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
बीईओ श्याम बिहारी प्रसाद ने कहा कि यह मामला गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और कड़ी की जाएगी।
