सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, दिल्ली सर्राफा बाजार में भारी बिकवाली
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,400 रुपये गिरकर 79,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जबकि 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,400 रुपये घटकर 79,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी की कीमत में भी जबरदस्त गिरावट आई, दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का हाजिर भाव 4,200 रुपये गिरकर 92,800 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। यह दिसंबर महीने की सबसे बड़ी गिरावट थी।
हालांकि, हाल ही में सोने की कीमतों में तेजी देखी जा रही थी, लेकिन शुक्रवार को भारी गिरावट आई। एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह गिरावट आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों द्वारा की गई भारी बिकवाली के कारण आई। अमेरिका में उत्पादक मूल्य सूचकांक (PPI) में गिरावट और बेरोजगारी दावों में बढ़ोतरी के बाद मुनाफावसूली तेज हो गई। डॉलर में मजबूती और अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों ने व्यापारियों को फेडरल रिजर्व की आगामी पॉलिसी बैठक से पहले मुनाफावसूली करने के लिए प्रेरित किया।
