BIG BREAKING…ACB की बड़ी कार्रवाई: नगर पालिका में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, अकाउंटेंट गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़। रिश्वतखोरी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में दबिश दी। टीम ने एक अकाउंटेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार से उसके कार्य का बिल पास कराने के एवज में CMO द्वारा ₹53,000 की रिश्वत मांगी गई थी। इसमें से ₹20,000 की पहली किश्त पहले ही नगद दी जा चुकी थी। शेष ₹33,000 की राशि देने के लिए ठेकेदार आज दोपहर CMO के घर पहुंचा।
बताया जा रहा है कि CMO इसहाक खान के निर्देश पर ठेकेदार ने यह रकम नगर पालिका के अकाउंटेंट सुशील भगत को दी। जैसे ही अकाउंटेंट ने नगद राशि ली, पहले से जाल बिछाकर बैठी ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ACB टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।