भीम आर्मी आज सीएम हाउस का घेराव करेगी, बलौदाबाजार हिंसा में आरोपियों की रिहाई की मांग
बलौदाबाजार हिंसा मामले में सतनामी समाज के लोगों की रिहाई और मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भीम आर्मी आज सीएम हाउस का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद भी शामिल होंगे। प्रदर्शन की शुरुआत दोपहर 12 बजे होगी, और सभी बुढ़ा तालाब पुराने धरना स्थल से मुख्यमंत्री निवास की ओर निकलेंगे।
चंद्रशेखर आजाद ने 1 महीने पहले रायपुर में बलौदाबाजार आगजनी मामले में जेल में बंद लोगों से मुलाकात की थी, और तब सरकार से उनकी रिहाई की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र रिहाई नहीं होती तो भीम आर्मी सीएम हाउस का घेराव करेगी।
इस बीच, छत्तीसगढ़ भीम आर्मी के महासचिव ने आरोप लगाया कि बलौदाबाजार में हुए हिंसा मामले में निर्दोष लोगों पर झूठे मुकदमे दायर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद सब साफ हो जाएगा।
वहीं, बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल में बंद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की जमानत याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यादव ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं हैं और उन्हें बिना आधार के गिरफ्तार किया गया है।
जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने बलौदाबाजार हिंसा मामले में मुख्य आरोपी नारायण मिरी और अन्य 43 आरोपियों को जमानत दी थी।
