बस्तर की पहली आवासीय खेल अकादमी के लिए 28-29 मई को चयन ट्रायल

13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा, तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स का मिलेगा प्रशिक्षण

रायपुर, 26 मई 2026। बस्तर संभाग के खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल करते हुए जगदलपुर में अंचल की पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू की जा रही है। अकादमी में प्रवेश के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 28 और 29 मई को चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।

यह ट्रायल जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में होगा, जिसमें 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक भाग ले सकेंगे। चयनित खिलाड़ियों को तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, 28 मई को सुबह 7 बजे से खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच और शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा। वहीं 29 मई को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण होगा।

चयनित खिलाड़ियों को जगदलपुर स्थित इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संचालित आवासीय अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। अकादमी में खिलाड़ियों को मुफ्त आवास, भोजन, शिक्षा, खेल प्रशिक्षण, प्लेइंग किट, दुर्घटना बीमा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और खेल उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।

खिलाड़ी अपने जिले के खेल एवं युवा कल्याण विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा इच्छुक खिलाड़ी 28 मई को सुबह 7 बजे सीधे धरमपुरा क्रीड़ा परिसर पहुंचकर भी पंजीयन करा सकते हैं।

अकादमी के लिए तीरंदाजी और एथलेटिक्स में 20-20 तथा फुटबॉल में 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।