डायबिटीज पर नियंत्रण के लिए जागरूकता जरूरी : मंत्री रामविचार नेताम

डायबिटीज जागरूकता सत्र में नाटक और विशेषज्ञों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

रायपुर।

बालाजी मेडिकल कॉलेज एवं सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में “हेलो डायबिटीज… मधुमेह शिक्षा सत्र” का आयोजन बालाजी मेडिकल कॉलेज, मोवा स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मधुमेह के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मधुमेह आज तेजी से बढ़ती जीवनशैली से जुड़ी गंभीर बीमारी बन चुकी है, जिसे समय पर जांच, संतुलित आहार एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाकर नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में मधुमेह जागरूकता से संबंधित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। नाटक के माध्यम से मधुमेह के कारण, लक्षण, रोकथाम एवं उपचार को सरल और प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

इस अवसर पर डॉ. सुनील गुप्ता ने मधुमेह की दवाइयों एवं इंसुलिन के उपयोग, सही समय, मात्रा एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही दवा, सही समय और नियमित जांच से मधुमेह को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया जा सकता है।
वहीं डॉ. कविता गुप्ता ने मधुमेह रोगियों के लिए खानपान, संतुलित आहार, दिनचर्या एवं जीवनशैली सुधार पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रूप में डॉ. देवेंद्र नायक, सिटी हॉस्पिटल से डॉ. तरुण मिश्रा,डॉ.भरत सिंघानिया, डॉ.वीरेंद्र पटेल सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे। आयोजन में बालाजी मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में अन्य लोगों की सहभागिता रही।