आंध्र प्रदेश में ट्रेन हादसा, टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग लगने से 1 यात्री की मौत
विशाखापत्तनम।
आंध्र प्रदेश में एक दर्दनाक ट्रेन हादसा सामने आया है। टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो एसी कोच में अचानक आग लग गई, जिससे एक यात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन में आग लगते ही यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन को रोका। आग की चपेट में आए दोनों एसी कोच पूरी तरह जल गए। हादसे के दौरान दम घुटने और झुलसने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पा लिया गया है और प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अन्य यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। हादसे को लेकर रेलवे ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
