नवा रायपुर में दिखी सादगी की मिसाल, जमीन पर बैठकर ओपी चौधरी ने लिया देसी भोजन का स्वाद
रायपुर।
। सेक्टर-22 स्थित चंदूलाल चंद्राकर चौक के समीप ‘अम्मा के रसोई’ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आम लोगों के बीच जमीन पर बैठकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी भोजन का आनंद लिया।
इस दौरान माहौल पूरी तरह आत्मीय और सहज रहा। औपचारिकताओं से दूर ओपी चौधरी ने लोगों के साथ बैठकर भोजन किया और बातचीत करते हुए स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। उनके इस सहज अंदाज ने छत्तीसगढ़ की उस संस्कृति को सामने रखा, जहां भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, मेल-जोल और अपनत्व का हिस्सा माना जाता है।
देसी व्यंजनों का स्वाद लेते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान है। जमीन पर बैठकर परिवार और अपनों के साथ भोजन करने में जो आत्मीयता और आनंद मिलता है, वह आधुनिक जीवनशैली में भी हमारी जड़ों की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश तेजी से विकास और आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन इस विकास के साथ अपनी लोक परंपराओं, खान-पान और सामाजिक संस्कारों को सहेजकर रखना भी उतना ही आवश्यक है। स्थानीय भोजन और सहज जीवनशैली हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखते हैं।
‘अम्मा के रसोई’ में बिताए इस समय ने विकास की आधुनिक तस्वीर के बीच छत्तीसगढ़ की पारंपरिक जीवनशैली का एक आत्मीय पक्ष सामने रखा। देसी भोजन, जमीन पर बैठकर खाने की परंपरा और लोगों के साथ सहज संवाद ने पूरे माहौल को पारिवारिक बना दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल एवं अधोसंरचना विकास के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव भी उपस्थित रहे।
