22 जून को छत्तीसगढ़ आएंगे अमित शाह, लेंगे ऑपरेशन की समीक्षा बैठक
रायपुर/बस्तर – देश के गृह मंत्री अमित शाह 22 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। शाह इस दौरान नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और अधिकारियों के परिजनों से मुलाकात करेंगे और एंटी नक्सल ऑपरेशन की प्रगति पर समीक्षा बैठक लेंगे। गृह मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में छत्तीसगढ़ पुलिस, BSF, CRPF और अन्य सेंट्रल फोर्सेस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही रायपुर से बस्तर तक के संभावित दौरे की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य, शाह की रणनीति निर्णायक मोड़ पर
अमित शाह इससे पहले अप्रैल 2024 में बस्तर के पंडुम समापन समारोह में शामिल हुए थे और फिर रायपुर लौटकर ऑपरेशन पर बैठक की थी। उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।
CM साय ने बैठक में बताया कि बीजेपी सरकार बनने के बाद 427 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं, जबकि 1,428 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इस बीच 64 नए फॉरवर्ड सुरक्षा कैंप भी बनाए गए हैं, जिससे ऑपरेशन की पकड़ और मज़बूत हुई है।
नक्सल मुक्त बस्तर की ओर बढ़ते कदम
राज्य सरकार के अनुसार, बस्तर जिले को नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है। ऑपरेशन के तहत पड़ोसी जिलों में भी टीम भेजकर सफलता हासिल की गई है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर राज्य की नवीन रणनीति और केंद्र के सहयोग की जानकारी दी थी।
बातचीत में सरेंडर पॉलिसी, पुनर्वास योजना और विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई। शाह ने इस दौरान कहा था कि हथियार डाल दो, नहीं तो हमारे जवान निपटना जानते हैं।
बैठक में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी
CM विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, और DGP अरुण देव गौतम शामिल थे।
