नरेंद्र मोदी की अहम बैठक आज: विष्णुदेव साय सहित सभी CM जुड़ेंगे, ईरान तनाव पर मंथन
अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच नरेंद्र मोदी आज (27 मार्च) देश के मुख्यमंत्रियों के साथ एक अहम बैठक करने जा रहे हैं। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित होगी, जिसमें विष्णुदेव साय भी वर्चुअली शामिल होंगे।

ईरान में जारी तनाव के बाद वैश्विक स्तर पर बने हालात और उसके भारत पर संभावित असर को देखते हुए इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर पेट्रोल-डीजल की सप्लाई, बढ़ती महंगाई, लॉजिस्टिक चेन और जरूरी सेवाओं को लेकर केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में देशभर के गैर-चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अगर अंतरराष्ट्रीय तनाव लंबा चलता है, तो इसका असर भारत की अर्थव्यवस्था और आम लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे में केंद्र और राज्यों के बीच तालमेल बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में पहले से अलर्ट
बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की है। साथ ही अधिकारियों को सप्लाई व्यवस्था बनाए रखने और कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्र-राज्य समन्वय पर फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कोरोना काल की तरह केंद्र और राज्यों को मिलकर काम करना होगा। ऐसे में आज की बैठक को संभावित संकट से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
