सीजफायर के बाद PM मोदी आज रात 8 बजे करेंगे देश को संबोधित, ऑपरेशन सिंदूर पर दे सकते हैं अहम जानकारी

भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया सीजफायर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब सीमा पर तनाव के बावजूद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने भाषण में ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद के हालात पर विस्तार से जानकारी दे सकते हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर की घोषणा की गई थी। हालांकि, इसके महज 3 घंटे बाद ही पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के कई इलाकों में ड्रोन अटैक कर समझौते का उल्लंघन किया। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने इन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया।

ऑपरेशन सिंदूर में भारत को भारी नुकसान

7 मई से शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की गोलाबारी में अब तक 5 भारतीय सेना के जवान और 2 बीएसएफ के जवान शहीद हो चुके हैं। वहीं, 60 जवान घायल हुए हैं। इस संघर्ष में 27 आम नागरिकों की भी जान गई है।

पाकिस्तान का ‘यौम-ए-तशक्कुर’, भारत की सख्त प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 10 मई की रात जनता को संबोधित कर ऑपरेशन बनयान-उन-मर्सूस को सफल बताया और ‘यौम-ए-तशक्कुर’ यानी आभार दिवस मनाने का ऐलान किया। इसके जवाब में भारत ने स्पष्ट किया कि सीमा पर किसी भी उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ था सीजफायर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया था कि दोनों देशों के बीच सीजफायर अमेरिका की मध्यस्थता से संभव हुआ। इसके बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने इसकी पुष्टि की।

पहले भी दिए सख्त संदेश

प्रधानमंत्री मोदी हाल के दिनों में चार सार्वजनिक मंचों से पाकिस्तान को सीधे संदेश दे चुके हैं। पहलगाम हमले के दो दिन बाद 24 अप्रैल को बिहार के मधुबनी में पीएम मोदी ने कहा था, “पहलगाम के दोषियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। आतंकियों को कल्पना से भी बड़ी सजा दी जाएगी।”

इसके अलावा 6 मई को एक न्यूज समिट में उन्होंने कहा था, “भारत का हक का पानी अब भारत में ही रहेगा। पहले यह पानी बाहर जा रहा था, लेकिन अब यह भारत के ही काम आएगा।” यह बयान सिंधु जल संधि के संदर्भ में दिया गया था।