पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या, शव को बोरे में भरकर नदी में फेंका

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार ज़िले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी का गला चाकू से काट डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया। यह मामला भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र का है।

कैसे जुड़ी संगीता और संजू की जिंदगी?
मृतका का नाम संगीता निषाद (22 वर्ष) और आरोपी का नाम संजू निषाद (21 वर्ष) है। दोनों की पहचान साल 2024 की शुरुआत में इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और रिश्ता गहराता गया। नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि दोनों ने शादी करने का निर्णय ले लिया। हालांकि, शादी से पहले ही संगीता गर्भवती हो गई थी। दवाइयों की मदद से गर्भपात करवाया गया, फिर भी संगीता विवाह पर अडिग रही। अंततः उसी वर्ष दोनों ने लव मैरिज कर ली।

शादी के बाद रिश्तों में आई दरार
परिवार वालों के अनुसार, विवाह के शुरुआती कुछ महीने ठीक-ठाक गुज़रे। लेकिन लगभग छह माह बाद संगीता फिर से गर्भवती हो गई। जब रिपोर्ट पॉज़िटिव आई तो संजू ने उस पर अविश्वास जताना शुरू कर दिया। उसका आरोप था कि शादी के बाद उसने पत्नी के साथ संबंध नहीं बनाए, तो फिर संतान कैसे ठहर गई। यही शक दोनों के बीच लगातार झगड़ों की वजह बनता रहा।

वारदात की रात
18 अगस्त की रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। संजू ने गुस्से में आकर चाकू से संगीता का गला काट दिया। इसके बाद शव को बोरे में भरकर पास की शिवनाथ नदी में फेंक आया।

कैसे हुआ खुलासा?
महिला के मायके वालों ने 20 अगस्त को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच कर ही रही थी कि 26 अगस्त को बिलासपुर ज़िले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में नदी किनारे बोरे से महिला का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त संगीता के रूप में हुई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर पति संजू से पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी जेल भेजा गया
एएसपी हेम सागर सिधार ने बताया कि पति-पत्नी ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन पति लगातार पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी अविश्वास ने रिश्ते को तोड़ दिया और वारदात तक पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।