मोदी कंपनियों से बोले-मैंने टैक्स छूट दी, आपने क्या किया:न सैलरी बढ़ाई, न नौकरियां; कंपनियों को जितना खिलाओ, पेट नहीं भरता

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में फिक्की (FICCI) के वार्षिक सम्मेलन और आम बैठक (AGM) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए देश के उद्योग जगत को सीधा संदेश दिया। फिक्की के शताब्दी वर्ष (सेंटेनरी ईयर) आयोजन में उद्योगपतियों, सीईओ और नीति निर्माताओं के सामने पीएम मोदी ने रोजगार सृजन, वेतन बढ़ोतरी और आत्मनिर्भरता को लेकर कंपनियों की भूमिका पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स की दर को 30% से घटाकर 22% किया और 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर आयकर राहत दी, जिससे लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी। उन्होंने उद्योग जगत से सवाल किया कि क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या रोजगार के अवसरों का विस्तार किया। पीएम ने कहा कि कंपनियों का रवैया अक्सर इंतजार करने का रहता है और सरकार से ही सब कुछ करने की अपेक्षा रखी जाती है।

पीएम मोदी के संबोधन की 6 प्रमुख बातें

  1. 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का जिक्र प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में आर्थिक बदलावों के चलते देश में बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और अब आगे की विकास यात्रा को गति देने की जरूरत है।

  2. घरेलू बाजार में भी बेहतर गुणवत्ता की अपेक्षापीएम मोदी ने कहा कि कंपनियों को आयात पर निर्भरता और दोहरे मानकों से आगे बढ़कर भारतीय ग्राहकों को भी उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

  3. वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा की तैयारीउन्होंने कहा कि घरेलू बाजार को केवल ‘कम्फर्ट जोन’ न मानकर इसे वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा करने के आत्मविश्वास के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए और अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों को समझकर निवेश करना चाहिए।

  4. सुधारों और संवाद के लिए सरकार का मंचप्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार निरंतर सुधारों के रास्ते पर आगे बढ़ रही है और उद्योग जगत नीतियों व प्रक्रियाओं में सुधार से जुड़े अपने सुझाव बिना झिझक साझा कर सकता है।

  5. अनुसंधान, तकनीक और कौशल पर निवेश पीएम ने कहा कि बदलती वैश्विक जरूरतों और बड़े स्तर के उत्पादन के लिए नई तकनीक, अनुसंधान और कर्मचारियों के कौशल विकास में निवेश बढ़ाना समय की मांग है।

  6. अगले 10–20 वर्षों का ‘इंडिया फर्स्ट’ रोडमैपविकसित भारत (Viksit Bharat 2047) के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने उद्योग जगत से आह्वान किया कि अगले 10 से 20 वर्षों के दीर्घकालिक निवेश फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ को आधार बनाया जाए।

फिक्की के बारे में

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की स्थापना 1927 में हुई थी और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। यह देश के प्रमुख उद्योग और व्यापार संगठनों में से एक है, जो विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों व उद्योग संघों का प्रतिनिधित्व करता है तथा व्यापार, निवेश और आर्थिक नीतियों पर सरकार के साथ संवाद करता है। फिक्की 2026–27 में अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है, जिसका सम्मेलन ‘भारत 2047’ थीम पर आधारित है।