शराब दुकान के सुपरवाइजर ने मां को आखिरी मैसेज भेज की आत्महत्या, परिजनों ने अधिकारियों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मांढ़र स्थित शराब दुकान में पदस्थ सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने अपनी मां और पत्नी को व्हाट्सऐप पर भावुक संदेश भेजा था। मैसेज में उन्होंने लिखा था कि वह जिंदगी से हार गए हैं और उन्हें माफ कर दिया जाए।
मामला सिलतरा थाना क्षेत्र का है। प्रशांत ने 15 नवंबर को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। आत्महत्या से पहले पत्नी को भेजे गए संदेश में उन्होंने अपने साथ काम करने वाले दो कर्मचारियों यशवंत साहू और सुनील मोहले को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था।
हिसाब में गड़बड़ी बताकर रकम जमा करने का बनाया जा रहा था दबाव
प्रशांत की मां राजेश्वरी वर्मा ने आरोप लगाया है कि शराब दुकान के कार्यालय में हिसाब में गड़बड़ी बताकर उनके बेटे पर पूरी रकम जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। मां के मुताबिक, अधिकारियों की ओर से कहा जा रहा था कि सुपरवाइजर होने के कारण हिसाब में आई कमी की राशि उसे ही जमा करनी होगी।
परिजनों का कहना है कि इसी परेशानी के चलते प्रशांत ने अपनी मां से पैसों का इंतजाम करने को कहा था। घटना वाले दिन भी उनकी मां गहने बेचकर और कर्ज लेकर रकम जुटाने सिलतरा से रायपुर पहुंची थीं।
दो कर्मचारियों पर भी लगाए थे आरोप
मृतक की मां के अनुसार, प्रशांत ने बताया था कि शराब दुकान में काम करने वाले दो कर्मचारी यशवंत साहू और सुनील मोहले कुछ दिनों से कथित रूप से चोरी कर रहे थे। बाद में उनका दूसरी जगह ट्रांसफर हो गया था। प्रशांत ने अपने आखिरी संदेश में भी दोनों के नाम लिखे थे।
परिजनों का आरोप है कि नए अधिकारी के आने के बाद से प्रशांत पर काम का दबाव बढ़ गया था और उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। प्रशांत ने अपने भाई को भी कार्यालय में बनाए जा रहे दबाव और अधिकारियों की भूमिका के बारे में बताया था।
परिवार ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
प्रशांत की मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि बेटे पर किस तरह दबाव बनाया जा रहा था और पैसों की मांग क्यों की जा रही थी, इसकी जांच होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
