अदाणी पावर के 1600 मेगावाट क्षमता विस्तार को जनसुनवाई में मिला समर्थन, 90 प्रतिशत ग्रामीणों ने जताई सहमति

रायपुर। तिल्दा ब्लॉक के ग्राम रायखेड़ा स्थित अदाणी पावर लिमिटेड (APL) के प्रस्तावित 1600 मेगावाट क्षमता विस्तार को लेकर बुधवार को आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। ग्राम ताराशिव के शासकीय मैदान में आयोजित इस जनसुनवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। कंपनी के अनुसार, जनसुनवाई में शामिल लगभग 90 प्रतिशत लोगों ने परियोजना के पक्ष में अपना समर्थन जताया। ग्रामीणों ने संयंत्र के विस्तार से क्षेत्र में विकास, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद व्यक्त की।

छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया के तहत 18 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें पीठासीन अधिकारी के रूप में रायपुर के अतिरिक्त कलेक्टर यू.एस. बांधे तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी पी.के. रबड़े उपस्थित रहे। इसके अलावा तिल्दा एसडीएम मुकेश कोठारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल और सृजन सोनकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ढाई घंटे चली जनसुनवाई, ग्रामीणों ने रखे सुझाव

जनसुनवाई लगभग ढाई घंटे तक चली। इसमें रायखेड़ा, गैत्रा और सोनतरा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। अदाणी पावर लिमिटेड की ओर से पर्यावरण विभाग प्रमुख आर.एन. शुक्ला ने प्रस्तावित परियोजना और क्षमता विस्तार से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

पीठासीन अधिकारी यू.एस. बांधे ने ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास, स्थानीय युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के अवसर और विकास कार्यों के बेहतर प्रबंधन जैसे विषय प्रमुखता से उठाए। जनसुनवाई में कुछ लोगों ने परियोजना को लेकर विरोध भी दर्ज कराया, लेकिन कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, समर्थन में अपनी बात रखने वालों की संख्या अधिक रही।

सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने दिया समर्थन

जनसुनवाई में कई ग्राम पंचायतों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने परियोजना के क्षमता विस्तार के पक्ष में अपनी बात रखी। इनमें रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा, गैत्रा के सरपंच प्रतिनिधि शेखर चंद्रवंशी, चिचोली के सरपंच प्रतिनिधि रामनिवास ध्रुव, उपसरपंच राजकुमार बंजारे, ताराशिव के सरपंच मनीष वर्मा और सोनतरा के सरपंच समीर वर्मा शामिल रहे।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी समाज के राज प्रधान ठाकुर राम वर्मा, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष राजू शर्मा, सतनामी समाज के तहसील अध्यक्ष सचिन मनहरे, राहुल डहरिया, सरपंच संघ अध्यक्ष मिथलेश साहू, भाजपा युवा मोर्चा तिल्दा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक वर्मा तथा खरोरा नगर पालिका अध्यक्ष अनिल सोनी सहित कई लोगों ने समर्थन व्यक्त किया।

पूर्व जनपद अध्यक्ष देव्रत नायक ने कहा कि संयंत्र के विस्तार से क्षेत्र में विकास के नए अवसर खुल सकते हैं। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही स्वरोजगार के अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है। जनपद सदस्य मोरेंगा लेखु सेन, छत्तीसगढ़ प्रदेश श्रमिक एवं किसान संघ के अध्यक्ष कमाल बांधे, खरोरा ब्लॉक अध्यक्ष किरण बैगल और तुलेश्वरी नारंग ने भी परियोजना के समर्थन में अपनी बात रखी।

महिला ग्रामीणों ने गिनाए गांवों में हुए विकास कार्य

जनसुनवाई के दौरान रायखेड़ा की ग्रामीण महिला पूनम वर्मा ने कहा कि अदाणी पावर लिमिटेड के आने के बाद गांव में विकास कार्यों को गति मिली है। उनके मुताबिक, गांव की सड़कों पर सोलर लाइट लगाई गई हैं तथा शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों के विकास के साथ विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी और ज्योमेट्री बॉक्स जैसी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों के लोग भी कंपनी की विभिन्न गतिविधियों से लाभान्वित हो रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने संयंत्र के विस्तार का समर्थन किया।

वहीं सोनतरा की एकता साहू ने कहा कि कंपनी के आने के बाद गांव में सड़क रोशनी और पेयजल जैसी सुविधाओं में सुधार हुआ है। उन्होंने अदाणी फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन गतिविधियों से आसपास के गांवों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने भी परियोजना के क्षमता विस्तार के समर्थन में अपनी सहमति व्यक्त की।

15 वर्षों से संचालित है 1370 मेगावाट का संयंत्र

उल्लेखनीय है कि रायपुर जिले की तिल्दा तहसील के ग्राम रायखेड़ा में स्थित अदाणी पावर लिमिटेड का संयंत्र पिछले लगभग 15 वर्षों से संचालित है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यहां सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित 685 मेगावाट की दो इकाइयां स्थापित हैं, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता 1370 मेगावाट है।

कंपनी आसपास के 14 से अधिक गांवों में अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित कर रही है। इन गांवों की कुल आबादी 25 हजार से अधिक बताई गई है। प्रस्तावित क्षमता विस्तार के बाद क्षेत्र में रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कंपनी ने सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

जनसुनवाई के समापन पर अदाणी पावर लिमिटेड के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रामायण पेड्डेना ने उपस्थित ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, हितधारकों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी आसपास के गांवों में सामाजिक सरोकारों के तहत विकासात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनसुनवाई में ग्रामीणों की ओर से रखे गए सुझावों और मांगों को परियोजना से जुड़ी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया। अब प्रस्तावित क्षमता विस्तार को लेकर आगे की कार्रवाई पर्यावरणीय स्वीकृति की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होगी।