स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम, बिल्हा देश में प्रथम
रायपुर, स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों एवं अधिकारियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे सकारात्मक बदलाव और स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बिल्हा का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का नदी तटवर्ती श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करना और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता नागरिकों की दिनचर्या और शहरों की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगर का राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना यह साबित करता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर कार्ययोजना, प्रभावी प्रबंधन और जनसहभागिता से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के नगरीय निकायों का प्रदर्शन स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, नागरिक सुविधाओं में सुधार और शहरों के बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करता है। सर्वेक्षण के माध्यम से नगरीय निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और जनजागरूकता बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलता है।
पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
