कबीरधाम में 48 नई सहकारी समितियां गठित, 37 नए धान खरीदी केंद्र खुले

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में सहकारी समितियों और धान उपार्जन केंद्रों का विस्तार किया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर जिले में प्रदेश में सर्वाधिक 48 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही 37 नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ में कुल 525 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है। इनमें सबसे अधिक 48 समितियां कबीरधाम जिले में स्थापित की गई हैं। नई समितियों और खरीदी केंद्रों के शुरू होने से किसानों को अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन पर होने वाला खर्च और समय भी बचेगा।

जिले में धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान धान खरीदी का संचालन व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने तथा किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

गांवों में पढ़कर सुनाई गई संलग्नीकरण सूची

धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिले की सभी 145 पुरानी और नई सहकारी समितियों एवं धान उपार्जन केंद्रों से गांवों को जोड़ने संबंधी गैपिंग आदेश का गुरुवार को गांवों में वाचन किया गया।

इस प्रक्रिया के दौरान संबंधित गांवों के सरपंच, पंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे। उनके सामने गांवों की सूची पढ़कर सुनाई गई, ताकि समितियों और धान उपार्जन केंद्रों से गांवों का संलग्नीकरण किसानों की सुविधा के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।

जिले में नई सहकारी समितियों के गठन और अतिरिक्त धान खरीदी केंद्रों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर धान विक्रय की सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक नजदीकी विकल्प मिलेंगे और धान खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।