छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स की विजयी शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया। गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय हॉकी के दो ओलंपियन खिलाड़ियों सुरेंद्र सिंह और ललित उपाध्याय की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने गोल किए, जबकि राजधानी रॉयल्स के लिए रौशन ने एकमात्र गोल दागा। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मुकाबले की शुरुआत से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक फ्लिक लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। राजधानी रॉयल्स के पहले रशर और गोलकीपर हिमांशु मलिक गेंद को रोकने में सफल नहीं हो सके।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने बेहतरीन मैदानी गोल करते हुए न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 2-0 कर दी। उन्होंने विपक्षी टीम के रक्षकों को छकाकर गेंद गोलपोस्ट में पहुंचाई। इसके तुरंत बाद न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर से तीसरा गोल करने का अवसर मिला, लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी।

दो गोल से पिछड़ने के बाद राजधानी रॉयल्स के कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाकर टीम को वापसी दिलाने की कोशिश की। हालांकि, टीम मिले पेनल्टी कॉर्नर को भी गोल में नहीं बदल पाई।

न्यायधानी नाइट्स के कप्तान सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में प्रभावशाली खेल दिखाया और विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम के रक्षकों ने कई मौकों पर गेंद को खतरे से बाहर निकालकर अपनी बढ़त बरकरार रखी। दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में अनिकेत कुजूर के लिए दिए गए पास को रोकने के प्रयास में सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट भी लगी।

दूसरे हाफ में न्यायधानी नाइट्स को संजीत तिर्की द्वारा स्टिक चेक किए जाने पर पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इस अवसर को भुना नहीं सकी। इसके बाद मिले एक अन्य मौके पर भी गोल नहीं हुआ। केतन कुशवाहा ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन उनके शॉट्स निशाने पर नहीं लग सके। तीसरे क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स ने भी कई बार विपक्षी टीम के डी क्षेत्र में प्रवेश किया, लेकिन अग्रिम पंक्ति में तालमेल की कमी के कारण गोल नहीं कर सकी।

चौथे क्वार्टर में खेल की रफ्तार कुछ धीमी रही। राजधानी रॉयल्स ने अंतर कम करने के प्रयास किए, लेकिन गोल के अवसरों को भुनाने में नाकाम रही। इसी दौरान राजधानी रॉयल्स के पहले रशर प्रेमचंद सोय और न्यायधानी नाइट्स के चिराग के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों खिलाड़ियों के मैदान पर गिरने के कारण कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा।

अंतिम सीटी बजने तक स्कोर 2-1 रहा और न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

शुक्रवार को दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगी।

महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने 4-1 से दर्ज की जीत

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के तहत खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।

मैच की शुरुआत से ही इंद्रावती टाइग्रेस ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाया। टीम ने लगभग 60 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी और लगातार आक्रमण किए। इसके उलट महानदी फाल्कन्स की अग्रिम पंक्ति में तालमेल की कमी दिखाई दी और टीम अपने हमलों को गोल में बदलने में सफल नहीं हो सकी।

बेहतर रणनीति, गेंद पर नियंत्रण और आक्रामक खेल के दम पर इंद्रावती टाइग्रेस ने चार गोल कर मुकाबले में एकतरफा जीत हासिल की।

प्रदेश की प्रतिभाओं को मंच दे रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसका उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक मैचों का अनुभव हासिल करने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।

प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ियों के साथ राज्य के बाहर के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के चार खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस प्रारूप के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी खेल क्षमता को बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है।

लीग का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के खेल तंत्र को मजबूत करना, उभरती प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धा का मंच देना और राष्ट्रीय खेल हॉकी के विकास को गति देना है।

‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति, क्षेत्रीय पहचान और हॉकी में आगे बढ़ने की आकांक्षाओं को प्रोत्साहित कर रही है।