छत्तीसगढ़ के नगर सैनिकों का मानदेय बढ़कर 30,870 रुपए होगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों (होमगार्ड) के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी है। गृह विभाग के प्रस्ताव के अनुसार, उनका मासिक मानदेय 19,500 रुपए से बढ़ाकर 30,870 रुपए किया जाएगा। इस प्रस्ताव से प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था में मूल मानदेय के साथ महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता भी शामिल होगा।
प्रस्ताव के मुताबिक, नगर सैनिकों को 19,500 रुपए मूल मानदेय, 58 प्रतिशत की दर से 11,310 रुपए महंगाई भत्ता और 60 रुपए वर्दी धुलाई भत्ता दिया जाएगा। इस तरह कुल मासिक राशि 30,870 रुपए होगी। प्रतिदिन के हिसाब से यह राशि करीब 1,029 रुपए बैठती है।
2023 में बढ़ाया गया था मानदेय
नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले वर्ष 2017 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय मासिक मानदेय 10,000 रुपए से बढ़ाकर 13,200 रुपए किया गया था। इसके बाद 30 मई 2023 को जारी आदेश के तहत 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपए की वृद्धि की गई, जिससे यह बढ़कर 19,500 रुपए प्रतिमाह हो गया था।
महंगाई और जिम्मेदारियों को बताया आधार
गृह विभाग ने मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव में न्यायालय के निर्देशों, बढ़ती महंगाई और ड्यूटी के दौरान नगर सैनिकों की जिम्मेदारियों को प्रमुख आधार बताया है। नगर सैनिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में भी अपनी भूमिका निभाते हैं।
मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर नगर सैनिकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है। हालांकि, प्रस्ताव के लागू होने और नई दर से भुगतान शुरू होने की स्थिति संबंधित आधिकारिक आदेश के बाद स्पष्ट होगी।

