स्वच्छता पखवाड़ा में सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच

रायपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत संस्थान में कार्यरत सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी देना था।
शिविर में संस्थान के सफाई कर्मियों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच के साथ उनके सामान्य स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही, पूर्व से चली आ रही बीमारियों तथा स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं के संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
स्वास्थ्य जांच के दौरान विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। सफाई कर्मियों को बीमारियों की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा कि बेहतर और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से संभावित बीमारियों का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकता है और समय रहते उचित उपचार एवं आवश्यक सावधानियां अपनाकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिकों सहित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका मीना ने किया। स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्यों को व्यापक रूप देते हुए स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा, जागरूकता और स्वस्थ कार्यस्थल के महत्व का संदेश दिया गया।

