रायपुर: बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, प्रभावित परिवारों से मिलकर जाना हाल

संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार : मुख्यमंत्री श्री साय

शासन से मिलने वाली सहायता के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹10 हजार की मदद की घोषणा

मकान, फसल और पशुधन की क्षति का संवेदनशीलता से सर्वे कर शीघ्र सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश

रायपुर (UPI24 News)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री श्री साय जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचे और बाढ़ से प्रभावित परिवारों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से खड़ी है।

मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10-10 हजार की अतिरिक्त मदद मुख्यमंत्री श्री साय ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देते हुए शासन के प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता के अतिरिक्त प्रत्येक प्रभावित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10-10 हजार की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ से हुई क्षति का सर्वे और आकलन तेजी से पूरा कर पात्र परिवारों तक सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए।

इंद्रावती नदी के जलस्तर और प्रभावित इलाकों का अवलोकन मुख्यमंत्री श्री साय ने इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर तथा आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जिले में बारिश एवं बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और आवश्यकता पड़ने पर राहत टीमों को तत्काल सक्रिय किया जाए।

पानी उतरने के बाद स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया जाए:

  • लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

  • जलस्रोतों की सफाई और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय रखा जाए।

  • आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए।

मकान, फसल और पशुधन की क्षति का शीघ्र होगा आकलन मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों, पशुधन और अन्य संपत्तियों का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र प्रभावित परिवार सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।

इस अवसर पर महापौर श्री संजय पाण्डेय, नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, श्री कमलचंद्र भंजदेव, कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।