रिंग रोड पर बस ने बस स्टॉप को मारी टक्कर, ढांचा क्षतिग्रस्त

डीडी नगर में ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने हुआ हादसा; मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी में गुरुवार सुबह रिंग रोड पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बस स्टॉप से जा भिड़ी। टक्कर के कारण बस स्टॉप का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा डीडी नगर थाना क्षेत्र में ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने सुबह करीब 9 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 04 ई 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंचने के दौरान बस सड़क किनारे बने बस स्टॉप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस स्टॉप का स्ट्रक्चर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मची हलचल

बस के बस स्टॉप से टकराने के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें क्षतिग्रस्त बस स्टॉप नजर आ रहा है।

यात्रियों के मौजूद होने की जानकारी नहीं

हादसे के समय बस स्टॉप पर यात्री मौजूद थे या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना भी सामने नहीं आई है।

सूचना मिलने के बाद डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ बस चालक की भूमिका और मौके की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।