राष्ट्रीय खेल दिवस पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में साइकिल रैली, विद्यार्थियों ने दिया फिटनेस का संदेश
रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय खेल आयोजन के तहत साइक्लिंग गतिविधि का आयोजन किया गया। ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ और ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की भावना के साथ आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर से हुई। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियां विद्यार्थियों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ अपने दैनिक जीवन में खेल और व्यायाम को भी शामिल करने का आह्वान किया।
हरी झंडी मिलते ही साइकिल सवार प्रतिभागी पूरे जोश के साथ निर्धारित मार्ग पर रवाना हुए। करीब 5 किलोमीटर की यह साइकिल यात्रा विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन से शुरू होकर इंजीनियरिंग कॉलेज, संगीत वाटिका, एग्रीकल्चर म्यूजियम, कॉलेज परिसर और आवासीय परिसर से गुजरते हुए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। साइक्लिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने शारीरिक सक्रियता के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन और स्वस्थ दिनचर्या के प्रति भी जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय शर्मा, डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. जी.पी. आयाम, डॉ. एच.के. सिंह, सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा, डॉ. राम कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। एनएसएस स्वयंसेवक अमर सोनकर, मुकेश और सनत साहू के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने साइक्लिंग गतिविधि में भागीदारी की।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस गतिविधि ने विश्वविद्यालय परिसर में खेल भावना, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने का संदेश दिया।
