रायपुर : शहादत को सलाम, हर घर तिरंगे के नाम: बीजापुर में गूंजा देशभक्ति का संदेश
रायपुर (UPI24 News)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बीजापुर जिले में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक मुख्यालयों में भव्य तिरंगा रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।
नक्सल मुक्त होने के बाद पहला ऐतिहासिक स्वतंत्रता दिवस
बीजापुर जिला लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा है। 31 मार्च 2026 को जिले के नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद यह पहला स्वतंत्रता दिवस है, जिसके कारण इस वर्ष का उत्सव जिलेवासियों के लिए विशेष महत्व और ऐतिहासिक खुशी लेकर आया है।
शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
क्षेत्र को नक्सलवाद से मुक्त कराने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और एसडीएम शहीद परिवारों के घर पहुंचे। अधिकारियों ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें तिरंगा भेंट किया और उनके अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। अधिकारियों ने कहा कि जवानों की शहादत आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिलेवासियों से 15 अगस्त पर अपने-अपने घरों में शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीजापुर में इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस न केवल आजादी का पर्व है, बल्कि शांति की स्थापना और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक अनूठा अवसर है।
