सीएम हेल्पलाइन 1076 से साकार हो रहा सुशासन का संकल्प

रायपुर, 4 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की सशक्त पहचान बन चुकी है। यह केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान का भरोसेमंद मंच बनकर उभरी है। हेल्पलाइन के माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

कोरबा जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में समाधान करने तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। यही प्रभावी मॉनिटरिंग और जवाबदेह कार्यप्रणाली जिले के बेहतर प्रदर्शन का आधार बनी है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कोरबा जिले में अब तक 4042 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 73.60 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। यह राज्य के औसत 63.84 प्रतिशत से अधिक है। वहीं प्राप्त फीडबैक में 61.37 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जो राज्य के औसत 55.68 प्रतिशत से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

राशन कार्ड मिलने से योजनाओं का लाभ मिलने लगा

पाली विकासखंड के ग्राम पोलमी निवासी श्रीमती गौरीबाई राशन कार्ड नहीं होने के कारण विभिन्न शासकीय योजनाओं से वंचित थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया। अब उन्हें खाद्यान्न सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गौरीबाई ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से समस्या के त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया।

आवारा कुत्तों की समस्या का घंटों में समाधान

कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र के सिद्धि विहार में रहने वाली श्रीमती वंदना यादव ने आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के कुछ ही घंटों के भीतर नगर पालिका ने संबंधित क्षेत्र में बंध्याकरण और टीकाकरण अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली।

नाली सफाई और कचरा हटाकर मिली राहत

मोतीसागरपारा निवासी श्री शांतनु मिश्रा ने मोहल्ले की नाली में गाद जमा होने से जलभराव की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाली की सफाई कर जल निकासी सुचारु कर दी। वहीं वार्ड क्रमांक-58 स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर के एक खाली भूखंड में लंबे समय से जमा कचरे की शिकायत पर निगम की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की सहायता से पूरे क्षेत्र की सफाई कर आसपास के रहवासियों को राहत पहुंचाई।

स्ट्रीट लाइट और बिजली की समस्या का भी त्वरित समाधान

मोतीसागरपारा निवासी श्री कन्हैया लाल टेवानी ने खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई। अगले ही दिन संबंधित विभाग ने स्ट्रीट लाइट सुधारकर चालू कर दी। शिकायत के दौरान अधिकारियों ने लगातार संपर्क बनाए रखा, जिससे शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त किया।

इसी प्रकार पंप हाउस क्षेत्र निवासी श्री रामकुमार साहू ने घर में लगातार हो रही वोल्टेज की समस्या को लेकर हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद विद्युत विभाग ने लगभग एक घंटे के भीतर समस्या का समाधान कर दिया। श्री साहू ने कहा कि अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है और समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आज पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, बिजली, पेयजल, सड़क, खाद्य और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। यह व्यवस्था केवल शिकायतों का निस्तारण नहीं, बल्कि नागरिकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप शासन-प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक शिकायत का केवल निराकरण ही नहीं, बल्कि ऐसा समाधान हो जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से लगातार बढ़ रहा सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियां प्रभावी रूप से धरातल पर लागू हो रही हैं और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।