खेल अधोसंरचना की मजबूती और खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान

रायपुर, 4 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये तथा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

राज्य में होगी हॉकी लीग की शुरुआत

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में हॉकी लीग के आयोजन की तैयारी चल रही है। राज्य की खेल अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए 14 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण हेतु पटियाला भेजा गया है।

छह नए जिलों में खेल अधिकारियों के पद सृजित

श्री साव ने बताया कि खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए राज्य सरकार ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा सक्ती सहित छह नए जिलों में खेल अधिकारियों के पद सृजित किए हैं।

उन्होंने बताया कि विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 तथा 8 वार्डनों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।

खेल बजट 4 करोड़ से बढ़कर 304 करोड़ रुपये

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल मैदानों तक लाना है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट मात्र 4 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर वित्तीय वर्ष 2026-27 में 304 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिल रही नई पहचान

श्री साव ने कहा कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का सफल आयोजन किया जा रहा है। वहीं इस वर्ष से सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत भी की गई है।

उन्होंने कहा कि देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने, प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।