जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के 2 हिंदू मजदूरों की गोली मारकर की हत्या, इलाके में घेराबंदी जारी
श्रीनगर।
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में एक बार फिर दर्दनाक आतंकी हमला हुआ है। शुक्रवार को केलम इलाके में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों से आतंकियों ने पहले उनका नाम पूछा, फिर छत्तीसगढ़ के दो हिंदू मजदूरों को समूह से अलग करके गोली मार दी। इस कायराना हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मारे गए युवकों की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है।
रेकी करके दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय मौके पर 10 से 12 राउंड गोलियों की आवाज सुनी गई। आतंकियों ने हमले से पहले इलाके की पूरी रेकी की थी। ईंट-भट्ठे पर कई प्रवासी मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन आतंकियों ने नाम पूछकर केवल हिंदू मजदूरों को निशाना बनाया।
पाकिस्तानी आतंकी के शामिल होने का संदेह
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी के शामिल होने की आशंका है। शुरुआती जांच में लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े आतंकी मोहम्मद लतीफ की भूमिका पर संदेह जताया जा रहा है, जो पिछले साल इस संगठन में शामिल हुआ था।
घटना के तुरंत बाद सेना, पुलिस और CRPF के जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है।
मुआवजे का हुआ ऐलान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पूर्व निर्धारित ₹6 लाख के मुआवजे के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10 लाख की अतिरिक्त सहायता राशि देने की घोषणा की है।
