रायपुर: सेवा, शिद्दत और संकल्प से करें काम – बेमेतरा समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के कड़े निर्देश
रायपुर, 31 जुलाई।
उप मुख्यमंत्री तथा बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले के विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे ‘सेवा, शिद्दत और संकल्प’ के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि बेमेतरा को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाया जा सके।
इस उच्चस्तरीय बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू तथा बेमेतरा कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाईं भी उपस्थित रहीं।
जल संचय, कृषि और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
उप मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर पर्याप्त खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम, जल संवर्धन और जल जीवन मिशन की योजनाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए पंचायतों को हस्तांतरित करने को कहा। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की त्वरित मरम्मत के भी निर्देश दिए गए।
समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण का निर्देश
अरुण साव ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और आदिवासी विकास प्राधिकरण के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाएं
बैठक में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने भी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से अमल करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
