रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर को सड़क विकास की बड़ी सौगात, 8.44 करोड़ रुपये स्वीकृत

रायपुर, 31 जुलाई।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जशपुर जिले को बड़ी सौगात दी है। राज्य शासन ने वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत जिले के चार प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ अंचलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व व्यापार को नई गति मिलेगी।

इन सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी:

  • बुलडेगा से रेचवाघाट पहुंच मार्ग (1.20 किमी): इसके निर्माण के लिए 1 करोड़ 23 लाख 77 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को सालभर सुगम आवागमन मिलेगा।

  • खुंटापानी से सलियामुड़ा पहुंच मार्ग (3 किमी): 3 करोड़ 46 लाख 67 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। यह सड़क विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।

  • कोसमभावना से बनगांव पहुंच मार्ग (1.20 किमी): पुल-पुलिया निर्माण सहित इस मार्ग के लिए 1 करोड़ 43 लाख 84 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे बारिश में आवागमन बाधित होने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

  • बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर पहुंच मार्ग (2.50 किमी): 2 करोड़ 30 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है, जो कई गांवों को मुख्य धारा से जोड़ेगी।

मुख्यमंत्री की इस पहल पर जशपुर जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया है।