रायपुर: पर्यटन के जरिए नई पहचान गढ़ेगा छत्तीसगढ़, इंडियन होटल्स कंपनी करेगी ₹500 करोड़ से अधिक का निवेश: CM विष्णुदेव साय

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक नई व विशिष्ट पहचान गढ़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और पर्यटन को ‘उद्योग का दर्जा’ दिए जाने के बाद प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। इसी कड़ी में, देश की प्रतिष्ठित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में उनके निवास कार्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में इस निवेश प्रस्ताव के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी और IHCL के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ की वास्तविक सुंदरता को दुनिया के सामने लाना हमारा उद्देश्य: मुख्यमंत्री

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ उत्तर से लेकर दक्षिण तक नैसर्गिक विरासत, घने जंगलों, जलप्रपातों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति की अमूल्य धरा है।

“हमारा उद्देश्य दुनिया को छत्तीसगढ़ की वास्तविक सुंदरता और प्राकृतिक विविधता से परिचित कराना है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में इस बड़े निवेश से न केवल पर्यटन अधोसंरचना मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के हजारों नए अवसर भी निर्मित होंगे।” — श्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़

₹500 करोड़ के निवेश पर मिलेगी ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत विशेष छूट

बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों ने राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीति की जानकारी देते हुए एक बड़ा ऐलान किया:

  • विशेष प्रोत्साहन: यदि कोई निवेशक राज्य में 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करता है या 1000 से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है, तो उसे सरकार की ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ (B-Spoke Policy) के तहत अतिरिक्त इंसेंटिव और विशेष लाभ प्रदान किए जाएंगे।

  • सरल प्रक्रिया: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी आवश्यक अनुमतियों (Clearances) की प्रक्रिया को बेहद सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बना दिया है ताकि निवेशकों को कोई परेशानी न हो।

बैठक में ये दिग्गज रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, निवेश आयुक्त ऋतु सेन सहित उद्योग और पर्यटन विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed