मुंबई के व्यापारी के 10 किलो चांदी के जेवर चोरी, रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर व्यापारियों का प्रदर्शन
कोरबा में मुंबई के व्यापारी संजय कुमार बाहेती के 10 किलो चांदी के जेवर चोरी होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। व्यापारी का आरोप है कि पुलिस ने अब तक चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, जबकि चोरी से बची 12.377 किलो चांदी केंद्रीय जीएसटी कार्यालय में फंसी हुई है। पुलिस और जीएसटी अधिकारियों के रवैये से नाराज व्यापारियों ने बुधवार को जीएसटी कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी व्यापारी संजय कुमार बाहेती 13 मई को 23 किलो चांदी के जेवर लेकर अंबिकापुर से रायपुर जा रहे थे। रात करीब 1 बजे बांगो थाना क्षेत्र में बस एक होटल पर रुकी। इसी दौरान संजय यूरिन के लिए नीचे उतरे और अपने तीन बैग सीट पर छोड़ दिए। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि 10 किलो चांदी वाले दो बैग गायब थे।
संजय का आरोप है कि बस ड्राइवर ने उन्हें गुमराह किया और किसी से संपर्क नहीं करने दिया। जब उन्होंने बांगो थाने में शिकायत दर्ज करानी चाही, तो पुलिस ने उन्हीं पर संदेह जताया। व्यापारी के मुताबिक पुलिस ने कहा कि उनके पास कोई माल नहीं था और यदि था भी तो चोरी उन्होंने खुद की है।
इसके बाद पुलिस ने चोरी से बची 12.377 किलो चांदी जब्त कर उससे जुड़े दस्तावेज केंद्रीय जीएसटी कार्यालय भेज दिए। अब व्यापारी कई दिनों से जीएसटी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उनका कहना है कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा जेवर वापस करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
व्यापारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
मामले की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जगदीश सोनी, सुभाष अग्रवाल सहित कई व्यापारी नेता जीएसटी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने कहा कि सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के बावजूद व्यापारी को परेशान किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि यदि बाहर से आए व्यापारी के साथ ऐसा व्यवहार होगा तो प्रदेश में व्यापारिक माहौल प्रभावित होगा।
व्यापारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई कर व्यापारी को न्याय नहीं मिला, तो कोरबा के व्यापारी आंदोलन करेंगे। साथ ही उन्होंने बांगो पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चोरी का मामला दर्ज करने के बजाय व्यापारी को ही आरोपी की तरह देखा जा रहा है।
