सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे विधायक राजेश मूणत, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रायपुर। राजेश मूणत ने रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 8 अंतर्गत आयोजित सुशासन तिहार 2026 के जनसमस्या निवारण शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी जनसमस्याओं का शत-प्रतिशत और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अग्रसेन भवन टाटीबंध में आयोजित शिविर में वीर सावरकर नगर वार्ड 1, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड 2, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड 19, रामकृष्ण परमहंस वार्ड 20, शहीद भगत सिंह वार्ड 21, माधवराव सप्रे वार्ड 69 एवं संत रविदास वार्ड 70 के नागरिकों की समस्याओं और मांगों के निराकरण हेतु विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।
इस दौरान महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, विभिन्न वार्ड पार्षद, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
अवैध कॉलोनियों और प्लाटिंग पर सख्ती के निर्देश
विधायक राजेश मूणत ने अधिकारियों को नगर निगम क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों, अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अधिकाधिक राजस्व संग्रह करना चाहिए और राजधानी में सुव्यवस्थित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने और नागरिकों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने को कहा।

बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निगम की अनुमति के बिना किए गए निर्माण अवैध माने जाएंगे और संबंधित जोन अधिकारी तत्काल नियमानुसार कार्रवाई कर ऐसे निर्माण हटाएं। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार में प्राप्त सभी मांगों और शिकायतों का निराकरण करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
महापौर ने नागरिकों से आरआरआर सेंटर में घरों की अनुपयोगी वस्तुएं जमा कर पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बनने की अपील भी की।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी मांगों और शिकायतों को सूचीबद्ध कर समयसीमा में उनका शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुशासन तिहार आमजन के लिए सार्थक साबित हो।
सुशासन तिहार शिविर में कुल 446 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में कई हितग्राहियों को तत्काल विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
परिवहन विभाग द्वारा 5 नागरिकों को तत्काल लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। श्रम विभाग ने 5 लोगों को ई-श्रम कार्ड प्रदान किए। स्वास्थ्य विभाग ने 5 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड जारी किए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 5 महिलाओं को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए।
इसके अलावा 6 नागरिकों को राशन कार्ड, 5 बालिकाओं को किशोरी बालिका स्वच्छता किट वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 गर्भवती माताओं की गोदभराई और एक नवजात शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर एक माह की तय समयसीमा में समाधान प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शासन के निर्देशानुसार सभी आवेदकों को उनके आवेदन के निराकरण की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
