पश्चिम जोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 42 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त नशीले पदार्थों का नष्टीकरण

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन अंतर्गत विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जब्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों का शुक्रवार को विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई सिलतरा स्थित Jaiswal Neco Industries के पावर प्लांट में संपन्न हुई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देशों के तहत पुलिस मुख्यालय द्वारा गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी रायपुर द्वारा की गई।
इस दौरान संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल तथा जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा मौजूद रहे।

कार्रवाई के तहत पश्चिम जोन क्षेत्रांतर्गत विभिन्न थानों के कुल 42 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 399.576 किलोग्राम गांजा, 2.90 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 1738 नग टैबलेट और कैप्सूल को नष्ट किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनसामान्य की सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण विभाग से अनुमति प्राप्त करने के बाद मादक पदार्थों को पावर प्लांट की भट्ठी/फर्नेस में जलाकर विधिवत नष्ट किया गया।
पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।