सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे विधायक पुरंदर मिश्रा, 198 आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण का भरोसा
रायपुर। पुरंदर मिश्रा ने रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 2 अंतर्गत आयोजित सुशासन तिहार 2026 के जनसमस्या निवारण शिविर का निरीक्षण कर आमजनों से चर्चा की और प्राप्त सभी 198 आवेदनों का तय समयसीमा में शत-प्रतिशत समाधान करने का भरोसा दिलाया।
शहीद स्मारक भवन जीई रोड में आयोजित इस शिविर में वीरांगना अवंति बाई लोधी वार्ड क्रमांक 6, राजीव गांधी वार्ड 13, रमण मंदिर वार्ड 14, दानवीर भामाशाह वार्ड 26, इंदिरा गांधी वार्ड 27, शहीद हेमू कालाणी वार्ड 28 और हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड 35 के नागरिकों की समस्याओं और मांगों के निराकरण हेतु विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।
इस दौरान नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य अवतार भारती बागल, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नंद कुमार चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
2.05 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
वधायक पुरंदर मिश्रा ने जोन 2 अंतर्गत छह वार्डों में लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड, नाली, पुलिया निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है और सुशासन तिहार के माध्यम से आमजनों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।

198 आवेदन, 180 मांगें और 18 शिकायतें
शिविर में कुल 198 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 180 मांगें और 18 शिकायतें शामिल रहीं। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि सभी आवेदनों का एक माह की तय समयसीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में ईंधन बचाने की अपील भी की।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि कम शिकायतें इस बात का प्रमाण हैं कि जोन 2 के अधिकारी और कर्मचारी बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी मांगों और शिकायतों का तय समयसीमा में समाधान कर आवेदकों को लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में तत्काल मिली कई सुविधाएं
शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का तत्काल लाभ भी दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 16 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा पुष्पा शर्मा और देवकी साहू को अंत्योदय राशन कार्ड, गौरी बाई को प्राथमिकता राशन कार्ड तथा मयूरी पाटिल, शहनाज बानो और कविता जंघेल को नया सामान्य राशन कार्ड तत्काल जारी किया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा देवेन्द्र नगर निवासी नारायण सोनी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 108 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें 21 लोगों का नेत्र परीक्षण कर आवश्यकतानुसार चश्मे वितरित किए गए।
शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समाधान प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक आवेदक को उनके आवेदन के निराकरण की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
