धमतरी के युवाओं को देशभर में मिलेंगे रोजगार के अवसर

धमतरी जिले के युवाओं को रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और आमधाने प्राइवेट लिमिटेड के बीच महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, तकनीकी रूप से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों और अर्धकुशल श्रमिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक और कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराना है।

एमओयू की अवधि एक वर्ष तय की गई है, जिसे आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इसके तहत जिले के बेरोजगार युवाओं, आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों, डिप्लोमा धारकों तथा ब्लू-कॉलर और ग्रे-कॉलर श्रमिकों को देश के विभिन्न राज्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, मैन्युफैक्चरिंग, निर्माण व इंफ्रास्ट्रक्चर, रिटेल एवं ई-कॉमर्स, ऑटोमोबाइल और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। रोजगार शिविर, काउंसलिंग सत्र और जॉब ड्राइव के आयोजन के लिए जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।

जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई, डिप्लोमा कॉलेज और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से पात्र युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। वहीं पंचायत स्तर पर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में युवाओं से कोई शुल्क या कमीशन नहीं लिया जाएगा।

अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह पहल युवाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ उनके कौशल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी मददगार साबित होगी।