आरंग में गौवंश तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 2 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार
आरंग पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टाटा मैजिक वाहन में बैलों को क्रूरतापूर्वक भरकर कच्चे रास्ते से ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन जब्त कर तीनों बैलों को मुक्त कराया।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा मैजिक वाहन (CG 06 GZ 9607) में गौवंश को अवैध रूप से पंधी गांव की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन में 3 बैल ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। पूछताछ में आरोपी परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन और गौवंश को जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय टंडन (35), राजेश उर्फ ननची यादव (22) और कमलेश यादव (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संजय टंडन पहले भी गौ-तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
