कल शाम 7 बजे होगा कचना ब्रिज का लोकार्पण, शहरवासियों को मिलेगी जाम से बड़ी राहत
रायपुर। रायपुर शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से जिस कचना ब्रिज के निर्माण का इंतजार किया जा रहा था, इस ब्रिज का लोकार्पण कल शाम 7:00 बजे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा किया जाएगा।
कचना रेलवे फाटक पर रोज लगने वाले भारी जाम से लोगों को वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ता था। फाटक बंद होने के दौरान ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, मरीज और आम नागरिक घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहते थे। कई बार एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होती थी।
अब कचना ब्रिज के शुरू होने के बाद लोगों को रेलवे फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित होगा। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह ब्रिज न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा।
शहरवासियों को उम्मीद है कि ब्रिज के चालू होने से आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव कम होगा और रोजाना होने वाली जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
