बारिश पूर्व तैयारियों का जायजा लेने मैदान में उतरे निगम आयुक्त संबित मिश्रा, नालों की सफाई तेज करने के निर्देश

रायपुर। संबित मिश्रा ने शहर में बारिश पूर्व तैयारियों का जायजा लेने विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया और नालों की सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख नालों की सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कर बारिश से पहले सुगम जल निकासी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि बड़े नालों की सफाई के लिए आवश्यकता अनुसार पोकलेन मशीन लगाकर सघन सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।
टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गंदे पानी की निकासी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सर्वे कर नाला निर्माण का प्रस्ताव डीपीआर सहित सक्षम स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य लोक निर्माण विभाग से समन्वय बनाकर तत्काल सफाई कार्य करवाने को कहा। इस दौरान जोन 8 जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा उपस्थित रहे।
आयुक्त ने टाटीबंध ढांचा भवन और बिजली ऑफिस लाइन क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण को पत्र लिखकर नाला चौड़ीकरण कार्य शीघ्र करवाने और समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोन 1 के मुर्राभट्ठी, गुढ़ियारी दही हांडी मैदान के पास स्थित नाला और गोगांव नाला की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर आयुक्त स्वास्थ्य श्री विनोद पाण्डेय, जोन 1 जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा सीनियर और कार्यपालन अभियंता श्री द्रोणी कुमार पैकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जोन 2 क्षेत्र के रजबंधा मैदान, सुभाष नगर मौदहापारा, चारमुहा नाला और वेगन रिपेयर शॉप (डब्ल्यूआरएस नाला) में चल रहे सफाई कार्यों का भी अवलोकन किया गया। आयुक्त ने अगले 4-5 दिनों में तेजी से सफाई कार्य पूर्ण कर बारिश पूर्व सुगम निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रामनगर कबीर चौक, तेलघानीनाका चौक नाला और जीई रोड स्थित अनुपम गार्डन नाला क्षेत्र का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को बारिश पूर्व सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव,खीरसागर नायक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed