टी20 विश्व कप फाइनल में भारत का धमाका, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार बना चैंपियन
नई दिल्ली। टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी माना जा रहा है।
भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 89 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 52 रन की शानदार पारी खेली। वहीं अभिषेक शर्मा ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम ने टी20 विश्व कप के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जश्न का माहौल है और लोग टीम इंडिया की इस शानदार जीत पर खिलाड़ियों को बधाइयाँ दे रहे हैं।
