धमतरी को मिलेगा सैनिक स्कूल का तोहफा, हजारों सैनिक परिवारों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
धमतरी । धमतरी जिले के लिए गर्व और खुशी की बड़ी खबर सामने आई है। जिले में सैनिक स्कूल की स्थापना को लेकर प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। 17 फरवरी को लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि धमतरी में पर्याप्त शासकीय जमीन उपलब्ध है और यहां बड़ी संख्या में सैनिक परिवार निवास करते हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर सैनिक स्कूल खोलने की प्रारंभिक सहमति प्रदान की गई है।
प्रारंभिक सहमति के बाद प्रस्ताव स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव के माध्यम से अंतिम मंजूरी के लिए रक्षा मंत्रालय को भेजा जाएगा। रक्षा मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर जिले में सैनिक स्कूल की स्थापना का मार्ग पूरी तरह साफ हो जाएगा।
धमतरी जिला लंबे समय से रक्षा सेवाओं में योगदान देता रहा है। यहां करीब 5 हजार से अधिक परिवार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस सेवाओं से जुड़े हुए हैं। हाल ही में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में जिले के 250 युवाओं का मेरिट सूची में चयन होना इस बात का प्रमाण है कि यहां युवाओं में देशसेवा का जज्बा प्रबल है।
जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि सैनिक स्कूल खुलने से न केवल सैनिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और अनुशासित शिक्षा मिलेगी, बल्कि यह संस्थान जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी रक्षा सेवाओं में करियर बनाने का सशक्त मंच बनेगा।
शिक्षा और देशभक्ति का संगम
सैनिक स्कूल की स्थापना से धमतरी शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। यह कदम न सिर्फ जिले के युवाओं के भविष्य को सशक्त करेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।
