प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी की तैयारियों की समीक्षा
कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने ली उच्चस्तरीय बैठक
रायपुर।
ग्राम दूधली, जिला बालोद में 9 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी की तैयारियों को लेकर स्कूल शिक्षा एवं युवा कल्याण कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास में विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा, सहभागिता और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री श्री यादव ने बताया कि इस पाँच दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। जंबूरी के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड, रैली, डॉग शो, बैंड प्रदर्शन, रक्तदान शिविर, युवा सांसद कार्यक्रम, एडवेंचर गेम्स तथा छत्तीसगढ़ डे जैसे विशेष आयोजन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन में केंद्रीय मंत्री, सांसद, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है। देश के लगभग 45 राज्यों से 10 हजार से अधिक रोवर–रेंजर इस जंबूरी में भाग लेंगे। इसके साथ ही श्रीलंका, भूटान और नेपाल से भी युवा प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
कैबिनेट मंत्री ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों को कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जंबूरी भ्रमण कार्यक्रम में आसपास के जिलों के स्कूली विद्यार्थियों को शामिल करने तथा परिसर में स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
समीक्षा बैठक में राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव श्री जितेंद्र साहू, जिला मुख्य आयुक्त बालोद श्री राकेश यादव, जिला आयुक्त श्रीमती मधुलिका तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी बालोद श्री सुनील तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना और सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
