मैदान में दिखी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की खेल प्रतिभा                               

पहले दिन की प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए देशभर के खिलाड़ी, सांस्कृतिक कार्यक्रम व सेनिनार संपन्न

रायपुर।

छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति द्वारा समाज कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर स्पोर्ट्स मीट – 2025 का प्रथम दिवस 19 दिसंबर को रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे उद्घाटन सत्र से हुआ। । दीप प्रज्वलन के पश्चात समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति की अध्यक्ष सुश्री विद्या राजपूत ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके पश्चात देश के विभिन्न राज्यों—उड़ीसा, मध्य प्रदेश, झारखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, दिल्ली एवं छत्तीसगढ़—से आए ट्रांसजेंडर सामुदायिक लीडर्स का सम्मान किया गया। इंडियन फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के महासचिव श्री संजय शर्मा जी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने नअपने संबोधन में खेलों को समानता, आत्मविश्वास और सामाजिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बताया। उद्घाटन सत्र के पश्चात राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर स्पोर्ट्स मीट – 2025 की औपचारिक घोषणा की गई। इसके बाद दिन भर खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित हुईं, जिनमें—100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, गोला फेंक,रस्साकसी जैसी प्रतिस्पर्धाओं में विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

राष्ट्रीय सेमिनार – ट्रांसजेंडर खेल भागीदारी और उसका भविष्य

सायं 5:00 बजे से “ट्रांसजेंडर खेल भागीदारी और उसका भविष्य” विषय पर एक राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की शुरुआत सुश्री रवीना बरिहा द्वारा स्वागत एवं विषय परिचय से हुई।समिति अध्यक्ष सुश्री विद्या राजपूत ने भूमिका प्रस्तुत करते हुए खेलों में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की भागीदारी, अवसरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात एक पैनल डिस्कशन आयोजित हुआ, जिसमें उड़ीसा, मध्य प्रदेश, झारखंड, मुंबई और पश्चिम बंगाल से आए सामुदायिक लीडर्स ने अपने अनुभव साझा किए। इस चर्चा का संचालन वरिष्ठ खेल पत्रकार श्री कमलेश गोगिया ने किया। पैनल चर्चा में खेल नीति, समावेशन, संरचना और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक संवाद हुआ। इसी तरह सुश्री रिद्धि मस्तारक एसोसिएट, रीबिल्ड फंड DASRA ने भी एक पैनर में मोडरेडर की भूमिका निभाई।

 सांस्कृतिक संध्या

सायं 7:00 बजे से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रतिभागियों की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर प्रतिमा डांस ग्रुप द्वारा सामूहिक नृत्य प्रस्तुति दी गई। इस सामहिक नृत्य में प्रतिमा डांस ग्रुप के लोगों ने दुर्गा के नवरुपों के नृत्य के माध्यम से दिखाया। वहीं चुरकी एवं मुरकी द्वारा एकल एवं युगल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया गया। पंजाब से आए हुए कलाकारों ने भांगड़ा नृत्य से अपना मन मोहा। इसी तरह मध्यप्रदेश टीम ने राजस्थान के संस्कृति को अपने नृत्य के माध्यम से प्रस्तुति दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए रात्रि भोजन की व्यवस्था की गई। छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति की सदस्य रवीना गोविंद सांडेकर ने बताया कि द्वितीय दिवस को फाइनल खेल प्रतियोगिताएँ, पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।